मसूरी में टैक्सी चालकों की मनमानी से यातायात व्यवस्था प्रभावित, स्थानीय लोगों में नाराजगी
पर्यटन नगरी मसूरी में इन दिनों टैक्सी चालकों की मनमानी यातायात व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है। इसका खामियाजा न केवल स्थानीय लोगों बल्कि बड़ी संख्या में आने वाले पर्यटकों को भी भुगतना पड़ रहा है। शहर के प्रमुख क्षेत्रों पिक्चर पैलेस बस स्टैंड और लाइब्रेरी बस स्टैंड के आसपास बेतरतीब तरीके से खड़े किए जा रहे टैक्सी वाहनों के कारण अक्सर जाम की स्थिति पैदा हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि टैक्सी चालक अपने वाहन सड़क किनारे और कई बार आड़े-तिरछे तरीके से खड़े कर देते हैं, जिससे अन्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है। सबसे अधिक समस्या पिक्चर पैलेस बस स्टैंड क्षेत्र में देखने को मिल रही है, जहां दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है।
गौरतलब है कि पिक्चर पैलेस बस स्टैंड का पूर्व में चौड़ीकरण किया गया था और टैक्सी वाहनों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था भी विकसित की गई थी। इसके बावजूद कई टैक्सी चालक निर्धारित स्थानों का उपयोग करने के बजाय सड़क पर ही वाहन खड़े कर देते हैं।
स्थिति यह है कि उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों को भी बस स्टैंड पर वाहन खड़ा करने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती। परिवहन निगम द्वारा पूर्व में इस संबंध में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद पुलिस ने बसों के लिए निर्धारित स्थान खाली रखने के निर्देश दिए थे। हालांकि जमीनी स्तर पर इन निर्देशों का पालन होता दिखाई नहीं दे रहा है।
नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी द्वारा भी टैक्सी संचालकों के साथ बैठक कर यातायात व्यवस्था सुधारने का प्रयास किया गया था, लेकिन अब तक उसका अपेक्षित परिणाम सामने नहीं आया है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कई बार टैक्सी चालक सड़क पर ही वाहन मोड़ते हैं, जिससे पीछे वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और कुछ ही मिनटों में जाम कई किलोमीटर तक फैल जाता है। ऐसे में लोगों को घंटों तक जाम में फंसे रहने को मजबूर होना पड़ता है।
नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि संवेदनशील स्थानों पर यातायात पुलिस, होमगार्ड या पीआरडी जवानों की नियमित तैनाती की जाए। साथ ही टैक्सी यूनियनों के साथ बैठक कर पार्किंग और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि पर्यटन सीजन में शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में बढ़ती पर्यटकों की संख्या के साथ जाम की समस्या और गंभीर रूप ले सकती है
