क्षेत्रीय समस्याओं और नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया
नगर निगम श्रीनगर के वार्ड संख्या 40 के पार्षद संदीप सिंह रावत ने जनता दरबार में पहुंचकर अपने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के साथ-साथ नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार और अधिकारियों की मनमानी का मुद्दा जिलाधिकारी के समक्ष उठाया। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग की।
पार्षद संदीप रावत ने शिमला गांव में लंबे समय से बनी हुई पेयजल समस्या के समाधान, नकोट गांव को सुपरमार्केट मार्ग से जोड़ने तथा वार्ड संख्या 40 के सभी गांवों में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की कई समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं, जिससे ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जनता दरबार के दौरान जिलाधिकारी पौड़ी गढ़वाल स्वाति एस. भदौरिया ने पार्षद द्वारा उठाए गए मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। गौशाला में पशुओं की देखभाल को लेकर मिली शिकायतों पर जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (सीवीओ) को तत्काल जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौशाला में पशुओं के लिए पर्याप्त चारा, स्वच्छ वातावरण और बेहतर रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।
शिमला गांव की पेयजल समस्या को लेकर जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिकारियों को मौके पर निरीक्षण कर स्थायी समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं वार्ड में विकास कार्यों की कमी और नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर उठाए गए सवालों पर भी जिलाधिकारी ने संज्ञान लिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि विकास कार्यों को लेकर पूर्व में भी शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसकी जांच प्रक्रिया जारी है। उन्होंने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को मामले की निगरानी करते हुए जांच को तेजी से आगे बढ़ाने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने भरोसा दिलाया कि जनता से जुड़े सभी मामलों का निष्पक्ष निस्तारण किया जाएगा तथा संबंधित विभागों की जवाबदेही भी तय की जाएगी। जनता दरबार में उठे इस मामले के बाद क्षेत्रीय समस्याओं और नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
