रिपोर्टर: आसिफ इक़बाल
रामनगर में कोसी बैराज क्षेत्र में नदी में नहाने के दौरान दो युवकों की दर्दनाक मौत के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने नदी में नहाने वालों के खिलाफ अभियान चलाना शुरू कर दिया है।
सोमवार देर शाम एसडीएम गोपाल सिंह चौहान और कोतवाल सुशील कुमार के नेतृत्व में कोसी बैराज क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान नदी में नहाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत पुलिस ने 17 वाहनों का चालान करते हुए 4500 रुपये का जुर्माना वसूला, जबकि 5 वाहनों को सीज किया गया। इसके अलावा 5 वाहनों का ऑनलाइन चालान भी किया गया।
एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि कोसी नदी और गर्जिया मंदिर क्षेत्र में नदी में नहाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित क्षेत्र में उतरने या हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने इन क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात करने का निर्णय लिया है। साथ ही सिंचाई विभाग और वन विभाग को भी कार्रवाई के लिए निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
एसडीएम ने कहा कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और लोगों की सुरक्षा के लिए किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
