प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नैनीताल जनपद के प्रसिद्ध घोड़ाखाल मंदिर में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा विशेष पूजा-अर्चना, हवन एवं धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व आवास सलाहकार उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त भाजपा नेत्री भावना मेहरा ने किया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं राष्ट्र की निरंतर प्रगति के लिए विशेष प्रार्थना की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भावना मेहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21वीं सदी के सबसे दूरदर्शी और कुशल प्रशासकों में से एक हैं, जिनके नेतृत्व में भारत ने विकास, बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, पर्यटन और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को हासिल किया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ देश के करोड़ों नागरिकों तक पहुंचा है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत करोड़ों लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों परिवारों को पक्के मकान मिले हैं। आयुष्मान भारत योजना के जरिए गरीब परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की गई है तथा उज्ज्वला योजना के तहत करोड़ों महिलाओं को एलपीजी कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं।
भावना मेहरा ने कहा कि देश में नए हवाई अड्डों का निर्माण, वंदे भारत ट्रेनों का विस्तार, राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे का विकास भारत के बुनियादी ढांचे को नई दिशा दे रहा है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाने, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, योग को वैश्विक पहचान दिलाने और राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने जैसे निर्णयों को ऐतिहासिक बताया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव रहा है। उनके नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में राज्य में ऑल वेदर रोड परियोजना, मंदिर माला मिशन, राष्ट्रीय राजमार्ग विस्तार और रोपवे परियोजनाओं जैसे कई महत्वपूर्ण कार्यों को गति मिली है। इससे पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है।
कार्यक्रम में भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया।
इस दौरान भाजपा नेता प्रकाश आर्य, हेम आर्य, पूर्व पालिकाध्यक्ष नीमा बिष्ट, वर्षा आर्य, जुगल मठपाल, राहुल चौहान, मनोज भट्ट, शिवांशु जोशी, पवन भाकुनी, पुरन जोशी, आशुतोष चंदोला, वीरेंद्र मेहरा, नंदकिशोर पांडेय सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
