नैनीताल: हल्द्वानी रोडवेज बस स्टेशन सोमवार को श्रद्धा और उत्साह का केंद्र बना रहा, जब नैनीताल जिले के 37 श्रद्धालुओं का जत्था सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा के लिए रवाना हुआ। सांसद अजय भट्ट ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को शुभारंभ कराया।
इस अवसर पर सांसद ने कहा कि धार्मिक पर्यटन केवल आस्था का विषय नहीं बल्कि समाज को जोड़ने का माध्यम भी है। उन्होंने सरकार की इस योजना को गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए बेहद उपयोगी बताया।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या ने जानकारी दी कि सभी श्रद्धालु पहले हर्रावाला पहुंचेंगे, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष ट्रेन को रवाना करेंगे। यात्रा के दौरान सभी आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध रहेंगी।
यात्रा की खास बात यह है कि श्रद्धालु उत्तराखंड के सभी 13 जिलों का पवित्र जल लेकर सोमनाथ धाम पहुंचेंगे। यह धार्मिक परंपरा उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को भी देशभर में प्रदर्शित करेगी।
कार्यक्रम में दर्जा राज्यमंत्री दीपक माहरा, मोहन पाठक सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
