देहरादून: हर्रावाला रेलवे स्टेशन से ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के तहत विशेष रेल यात्रा की शुरुआत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरी झंडी दिखाकर की। उन्होंने कहा कि यह यात्रा श्रद्धालुओं को केवल एक धार्मिक अनुभव ही नहीं, बल्कि भारत की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर भी प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोमनाथ मंदिर देश की आस्था, इतिहास और आत्मसम्मान का प्रतीक है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे इस यात्रा के अनुभवों को समाज के साथ साझा करें और भारत की सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण का संदेश आगे बढ़ाएं।
इस विशेष रेल यात्रा में लगभग 700 श्रद्धालु शामिल हुए हैं। यात्रा में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी, संत समाज और समाज के अलग-अलग वर्गों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। यह विविधता सामाजिक समरसता का भी संदेश देती है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार नई पहल कर रही है। इससे लोगों को देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन करने का अवसर मिलता है और पर्यटन गतिविधियों को भी गति मिलती है।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी यात्रियों की मंगलमय यात्रा की कामना की और कहा कि इस तरह के आयोजन भारत की सांस्कृतिक पहचान, राष्ट्रीय एकता और सनातन परंपराओं को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
