देहरादून में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के सफल आयोजन के बाद उत्तराखंड कांग्रेस ने धन्यवाद प्रेस वार्ता आयोजित की। कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि खराब मौसम के बावजूद हजारों छात्र कार्यक्रम में पहुंचे, जो युवाओं की जागरूकता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर छात्रों से सीधा संवाद किया। इस दौरान छात्रों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और निष्पक्षता की मांग भी रखी।
प्रेस वार्ता में भाजपा पर निशाना साधते हुए कुमारी शैलजा ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम को प्रभावित करने के लिए कई तरह की रुकावटें पैदा की गईं। उन्होंने दावा किया कि युवाओं की भारी भागीदारी ने इन सभी प्रयासों को असफल कर दिया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस भविष्य में भी युवाओं के हितों से जुड़े मुद्दों पर मजबूती से आवाज उठाएगी। शिक्षा, रोजगार और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कार्यक्रम की सफलता ने यह स्पष्ट कर दिया है कि उत्तराखंड का युवा अपने भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाना चाहता है और अपनी बात लोकतांत्रिक तरीके से रखना चाहता है।
