चम्पावत: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और रेड अलर्ट के बीच चम्पावत जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ काम कर रहा है। इसी दौरान टनकपुर क्षेत्र में खाई में गिरी एक कार में सवार चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर प्रशासन ने राहत की बड़ी मिसाल पेश की।
घटना की सूचना बीती रात डायल-112 के जरिए जिला आपदा कंट्रोल रूम को मिली। सूचना में बताया गया कि छोटी पुलिया, बस्तिया के पास एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई है। वाहन में चार लोग सवार थे।
सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ और 108 एम्बुलेंस सेवा को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया। सभी एजेंसियों ने मिलकर तेज़ी से रेस्क्यू अभियान चलाया और कार में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुसार रेड अलर्ट के दौरान पूरे जिले में आपदा प्रबंधन तंत्र हाई अलर्ट पर है। जिला आपदा कंट्रोल रूम लगातार निगरानी रखते हुए हर सूचना पर तुरंत कार्रवाई कर रहा है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि प्रशासन लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें, अनावश्यक यात्रा से बचें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन या डायल-112 पर संपर्क करें।
