रिपोर्टर: सचिन कुमार
उत्तराखंड में एक बार फिर परीक्षा प्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। उत्तरांचल टेक्निकल यूनिवर्सिटी से जुड़े कथित पेपर लीक मामले ने छात्रों और युवाओं की चिंता बढ़ा दी है। देश में नीट पेपर लीक विवाद के बीच सामने आई इस घटना ने शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी आज उत्तरांचल टेक्निकल यूनिवर्सिटी का घेराव करेगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाएगी। कांग्रेस का कहना है कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता शीशपाल बिष्ट ने कहा कि लगातार हो रही परीक्षा संबंधी गड़बड़ियां छात्रों का विश्वास तोड़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ऐसे मामलों को गंभीरता से लेने के बजाय केवल औपचारिक कार्रवाई कर रही है।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सजा नहीं दी गई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। पार्टी का कहना है कि यह केवल एक परीक्षा का मामला नहीं बल्कि लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है।
फिलहाल कांग्रेस के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क नजर आ रहा है। माना जा रहा है कि इस मुद्दे पर आने वाले दिनों में राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो सकती है।
