रिपोर्ट: अरशद हुसैन
रुड़की में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह उस समय खास बन गया जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। आनंद स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर शिशु वाटिका में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में अपार प्रतिभा है और राज्य सरकार उनकी क्षमता को आगे बढ़ाने के लिए लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है। उनका मानना है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मजबूत संस्कार ही विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार करेंगे।
उन्होंने बताया कि सरकार मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति उपलब्ध करा रही है। साथ ही प्रदेश के टॉपर्स को भारत भ्रमण पर भेजने की योजना भी शुरू की गई है ताकि छात्रों को देश की विविधता और विकास मॉडल को समझने का अवसर मिले।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार बोर्ड परीक्षाओं में उत्तराखंड के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को इस सफलता के लिए बधाई दी।
समारोह में शिक्षा जगत से जुड़े लोग, स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह का माहौल देखने को मिला।
