रिपोर्ट: अरशद हुसैन
उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय में बीटेक के प्रश्नपत्र लीक होने का मामला अब राजनीतिक रंग लेता जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के रुड़की दौरे के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस मुद्दे को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की योजना बनाई थी। हालांकि पुलिस ने कांग्रेस सेवा दल कार्यालय पर पहुंचकर नेताओं और कार्यकर्ताओं को बाहर निकलने से रोक दिया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनका कहना था कि पेपर लीक जैसी घटनाएं छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं और सरकार को इसकी जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता आशीष सैनी ने कहा कि आरोपी प्रोफेसर की गिरफ्तारी और परीक्षा रद्द होना पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि इस मामले में जवाबदेही तय होना भी जरूरी है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
कांग्रेस ने मुख्यमंत्री से पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने और उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की नैतिक जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि छात्रों का विश्वास बहाल करना सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
