रिपोर्टर: अरशद हुसैन
रुड़की: कांवड़ यात्रा 2026 के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंगलौर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
सीओ मंगलौर अभिनव चौधरी ने बताया कि दिल्ली, मेरठ, हरियाणा और राजस्थान से बड़ी संख्या में कांवड़िए नारसन बॉर्डर के रास्ते उत्तराखंड में प्रवेश करेंगे। ये श्रद्धालु लंढौरा, लक्सर और बैरागी कैंप होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे। इसी मार्ग पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे की आवाज निर्धारित सीमा में ही रखी जाए। साथ ही कांवड़ की ऊंचाई भी प्रशासन द्वारा तय मानकों के अनुसार होनी चाहिए। नियमों का पालन करने से यात्रा सुचारु रूप से संपन्न होगी और किसी को असुविधा नहीं होगी।
सीओ ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें। पुलिस और प्रशासन लगातार यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए तैनात रहेगा।
मंगलौर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति हुड़दंग, उपद्रव या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल उपलब्ध कराना है।
