नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में स्थित डॉ. आर.एस. टोलिया प्रशासनिक अकादमी में मंगलवार को मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने जिले में चल रही विकास परियोजनाओं और योजनाओं की समीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में विकास कार्यों में रुकावट नहीं आनी चाहिए।
“समस्याएं तुरंत सुलझाएं, काम समय पर पूरा करें”
मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा कि अगर किसी परियोजना में प्रशासनिक, तकनीकी या प्रक्रियागत बाधाएं आ रही हैं तो उनका तत्काल समाधान किया जाए। यदि मामला शासन स्तर का है, तो तुरंत उच्च स्तर पर भेजा जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि निर्माणाधीन परियोजनाएं तय समय सीमा में पूरी हों ताकि लागत न बढ़े।
करोड़ों की परियोजनाओं की समीक्षा
बैठक में 20 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली कई परियोजनाओं की समीक्षा की गई।
-
करीब 41 करोड़ रुपये की लागत से कैंची धाम सौंदर्यीकरण परियोजना को जून 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए।
-
3678 करोड़ रुपये की जमरानी बांध परियोजना को तय समय (जून 2029) तक पूरा करने पर जोर दिया गया।
-
298 करोड़ की लागत से बलियानाला भूस्खलन उपचार कार्य को 2028 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए।
पेयजल और सीवरेज पर खास फोकस
गर्मी को देखते हुए मुख्य सचिव ने जल जीवन मिशन के तहत चल रहे पेयजल कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
-
इन्द्रानगर सीवरेज योजना (24 करोड़)
-
कालाआगर पेयजल योजना (23 करोड़)
-
हल्द्वानी सीवरेज प्रोजेक्ट (47, 56 और 41 करोड़ के पैकेज)
इन सभी कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर सख्ती
-
काठगोदाम बस टर्मिनल (67 करोड़)
-
रामनगर बस टर्मिनल और डिपो (28 करोड़)
-
कुमाऊं विश्वविद्यालय में बीएड भवन (45 करोड़)
-
100 बेड मानसिक चिकित्सालय (44 करोड़)
इन परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
पर्यटन सीजन को लेकर अलर्ट
मुख्य सचिव ने प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि पर्यटन सीजन के दौरान पर्यटकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
-
ट्रैफिक प्लान मजबूत किया जाए
-
पार्किंग व्यवस्था बेहतर बनाई जाए
-
आवश्यक स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लगाई जाए
सीएम हेल्पलाइन और जन शिकायतों पर फोकस
मुख्य सचिव ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में आने वाली शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। सभी विभाग मासिक लक्ष्य तय कर उसी के अनुसार काम करें।
“नैनीताल को बनाएं मॉडल जिला”
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बेहतर समन्वय और मॉनिटरिंग के जरिए नैनीताल को एक आदर्श और तेज गति से विकसित होने वाला जिला बनाया जाए।
जिलाधिकारी ने रखी प्रगति रिपोर्ट
बैठक में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिले में चल रहे विकास कार्यों, राजस्व निस्तारण, अतिक्रमण हटाने और जनहित योजनाओं की जानकारी दी।
-
21,000 से अधिक वारिसानों को लाभ
-
2,000 से ज्यादा राजस्व मामलों का निस्तारण
-
10,000 से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ
वन्यजीव संघर्ष पीड़ितों को राहत
वन विभाग ने जानकारी दी कि मानव-वन्यजीव संघर्ष में प्रभावित परिवारों को करीब 2.91 करोड़ रुपये की सहायता राशि दी जा चुकी है।
नेटवर्क और अन्य सुविधाओं पर भी निर्देश
मुख्य सचिव ने मोबाइल नेटवर्क सुधारने, टेलीकॉम टावर लगाने और लंबित वन भूमि हस्तांतरण मामलों को जल्द निपटाने के निर्देश दिए।
