उत्तराखंड के ऋषिकेश के गंगानगर क्षेत्र से संपत्ति हड़पने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। विदेश में रह रहे मकान मालिक की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर केयरटेकर और उसके परिवार ने कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर संपत्ति अपने नाम कराने की कोशिश की।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, गंगानगर स्थित संपत्ति संख्या 541 के असली मालिक रमेश कुमार हैं, जो बीमारी के चलते डेनमार्क में अपने बेटे के पास रह रहे हैं। उन्होंने अपनी संपत्ति की देखरेख के लिए मदनलाल शर्मा को केयरटेकर के रूप में नियुक्त किया था।
आरोप है कि मदनलाल शर्मा ने मकान मालिक की अनुपस्थिति में षड्यंत्र रचते हुए मात्र 100 रुपये के स्टांप पेपर पर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और संपत्ति को अपने नाम दर्ज कराने की कोशिश की।
मौत के बाद भी जारी रही साजिश
8 जनवरी 2021 को मदनलाल शर्मा की बीमारी के चलते एम्स में मृत्यु हो गई।
इसके बाद उनकी पत्नी मुक्तेश देवी, बेटे मनीष और करुण शर्मा तथा बेटी मीनाक्षी शर्मा ने कथित तौर पर इस साजिश को आगे बढ़ाया और नगर निगम में संपत्ति अपने नाम दर्ज करवा ली।
2023 में सामने आया मामला
20 जुलाई 2023 को विदेश में रह रहे असली मालिक को इस फर्जीवाड़े की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने प्रमोद कुमार नौटियाल को पावर ऑफ अटॉर्नी देकर कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रमोद कुमार ने जिलाधिकारी (DM) को शिकायत देकर पूरे मामले की जानकारी दी। साथ ही आरोप लगाया गया कि कोरोना काल के बाद से करीब 5 लाख रुपये का किराया भी हड़प लिया गया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
शिकायत के आधार पर मामला पुलिस और नगर निगम तक पहुंचा। पुलिस ने मृतक मदनलाल शर्मा, उनकी पत्नी और बच्चों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
