देहरादून: नवरात्रि के पावन अवसर पर देवभूमि उत्तराखंड पूरी तरह भक्ति में लीन नजर आ रही है। जैसे-जैसे नवरात्रि अपने समापन की ओर बढ़ रही है, वैसे-वैसे मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। सुबह से लेकर देर रात तक भक्तजन मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए लंबी कतारों में खड़े दिखाई दे रहे हैं।
देहरादून के प्रमुख मंदिरों में इन दिनों विशेष धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। जगह-जगह भंडारों का आयोजन किया जा रहा है, जहां श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गूंज रहे हैं और हर ओर “जय माता दी” के जयकारे सुनाई दे रहे हैं।
इसी क्रम में देहरादून स्थित प्राचीन और प्रसिद्ध सिद्धपीठ माँ डाट काली मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। यह मंदिर मां काली को समर्पित है और नवरात्रि के दौरान यहां विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाता है। दूर-दूर से आए श्रद्धालु मां के दर्शन कर अपनी मनोकामनाएं मांग रहे हैं।
मंदिर प्रशासन द्वारा भक्तों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे दर्शन सुचारू रूप से हो सकें। सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
नवरात्रि के इस पावन पर्व पर देहरादून का धार्मिक वातावरण श्रद्धा, आस्था और उत्साह से सराबोर है, जहां हर कोई मां के आशीर्वाद की कामना कर रहा है।
