लोकेशन: ऋषिकेश | संवाददाता: सागर रस्तोगी
ऋषिकेश फायर कार्यालय में आज अग्नि शमन सेवा दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर 66 शहीद अग्निशमन कर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई, जिन्होंने 14 अप्रैल 1944 को मुंबई बंदरगाह पर लगी भीषण आग को बुझाते हुए अपने प्राणों की आहुति दी थी।
कार्यक्रम की शुरुआत फायर स्टेशन ऑफिसर (FSO) सुनील दत्त तिवारी और उपस्थित फायर कर्मियों द्वारा शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस दौरान वक्ताओं ने 1944 के उस हृदयविदारक हादसे को याद किया, जिसमें कई जांबाज फायरमैन ने अपनी जान की परवाह किए बिना कर्तव्य निभाते हुए वीरगति प्राप्त की।
इस मौके पर अग्निशमन सेवा सप्ताह (14 से 20 अप्रैल) का भी विधिवत शुभारंभ किया गया। सप्ताह के दौरान आमजन को आग से बचाव और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
श्रद्धांजलि सभा के बाद जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसे FSO सुनील दत्त तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली फायर कार्यालय से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुजरी।
रैली के माध्यम से लोगों को गैस सिलेंडर के रिसाव, शॉर्ट सर्किट और गर्मियों में आग लगने की घटनाओं से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया गया।
अग्नि शमन सेवा दिवस के इस आयोजन ने जहां शहीदों के बलिदान को याद किया, वहीं आम जनता को सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश भी दिया।
