स्थान: नैनीताल | रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल जिले के कालाढूंगी क्षेत्र के राजस्व ग्राम नाथूझाला में डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य का निरीक्षण किया गया। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने मौके पर पहुंचकर सर्वे की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि भारत सरकार की महत्वाकांक्षी एग्री-स्टैक (Agri Stack) योजना के तहत अंश निर्धारण, किसान पंजीकरण, भूमि रजिस्ट्री और डिजिटल क्रॉप सर्वे जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।
अपर जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद काश्तकारों के समक्ष स्वयं कुछ खेतों का डिजिटल सर्वे भी किया, ताकि कार्य की पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।
इस दौरान तहसीलदार और राजस्व उप निरीक्षकों ने जानकारी दी कि डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य तेजी से चल रहा है और अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। हालांकि, कुछ खेतों में ‘सजरा’ और लोकेशन ट्रेस करने में तकनीकी दिक्कतें सामने आ रही हैं।
इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए ADM नेगी ने राजस्व परिषद उत्तराखंड, देहरादून के नोडल अधिकारी को फील्ड में आ रही चुनौतियों से अवगत कराया, ताकि जल्द समाधान निकाला जा सके।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी तहसीलदार कालाढूंगी ईश्वर सिंह, ताराचंद्र घिल्डियाल, अभय कुमार और हिमाक्षी (राजस्व उप निरीक्षक) सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से किसानों का सटीक डेटा तैयार किया जा रहा है, जिससे भविष्य में सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचाया जा सकेगा।
