शक्तिफार्म (उधमसिंह नगर, उत्तराखंड):
उधमसिंह नगर जिले के शक्तिफार्म क्षेत्र से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां स्थानीय महिलाओं ने अवैध कच्ची शराब के खिलाफ खुद मोर्चा संभालते हुए बड़ी कार्रवाई की है।
गोविंद नगर इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब महिलाओं ने एकजुट होकर कथित तौर पर कच्ची शराब बेचने वाले व्यक्ति के खिलाफ छापा मार दिया। बताया जा रहा है कि तपन नामक व्यक्ति लंबे समय से क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार कर रहा था, जिससे इलाके का माहौल खराब हो रहा था।
गुस्साई महिलाओं ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान क्षेत्र में काफी भीड़ भी जमा हो गई।
महिलाओं का कहना है कि इलाके में लगातार कच्ची शराब और अन्य नशीले पदार्थों का कारोबार बढ़ता जा रहा है, जिससे युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नशे की वजह से कई परिवार टूट रहे हैं और सामाजिक समस्याएं बढ़ रही हैं।
स्थानीय महिलाओं ने प्रशासन से मांग की है कि शक्तिफार्म क्षेत्र में अवैध शराब और नशे के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाई जाए और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इस मौके पर शिवानी विश्वास, शीला बर्मन, सीमा दास, बिमला बर्मन, बीना बर्मन, मनीष मंडल समेत कई महिलाएं मौजूद रहीं।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और क्षेत्रवासियों की मांगों पर कितनी तेजी से कार्रवाई होती है।
