मंगलौर पुलिस ने तकनीक के बेहतर इस्तेमाल से बड़ी कामयाबी हासिल की है। CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल की मदद से पुलिस ने न सिर्फ खोए और चोरी हुए मोबाइल बरामद किए, बल्कि 25 मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को वापस भी सौंप दिए।
3 महीने में 155 मोबाइल बरामद
पुलिस के अनुसार, पिछले तीन महीनों के भीतर CEIR पोर्टल के जरिए कुल 155 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इनमें से करीब 25 मोबाइल, जिनकी कुल कीमत लगभग 6 लाख रुपये आंकी गई है, आज उनके मालिकों को लौटाए गए।
प्रेस वार्ता में दी जानकारी
मंगलौर कोतवाली परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि CEIR पोर्टल मोबाइल के IMEI नंबर के आधार पर काम करता है। इसकी मदद से चोरी या गुम हुए मोबाइल को ब्लॉक करने के साथ-साथ ट्रैक भी किया जा सकता है।
ऐसे करता है काम CEIR पोर्टल
उन्होंने बताया कि जैसे ही चोरी हुए मोबाइल में नया सिम डाला जाता है, उसकी लोकेशन और डिटेल्स सिस्टम में अपडेट हो जाती हैं। इससे पुलिस को मोबाइल को ट्रेस कर बरामद करने में मदद मिलती है।
मोबाइल पाकर खिल उठे चेहरे
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। कई लोगों को उनका फोन महीनों बाद मिला। कुछ ऐसे भी लोग थे, जिनका करीब 8 हजार रुपये का मोबाइल 9 महीने बाद वापस मिला। फोन पाकर लोग भावुक हो गए और उत्तराखंड पुलिस का आभार जताया।
जनता से की अपील
एसपी देहात ने आम जनता से अपील की है कि अगर किसी का मोबाइल या लैपटॉप चोरी या गुम हो जाए, तो तुरंत CEIR पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर डिवाइस को बरामद किया जा सके।
