मसूरी (उत्तराखंड): नगर पालिका द्वारा एमडीडीए कार पार्किंग स्थल पर वेंडिंग जोन बनाने के प्रस्ताव का शहर में विरोध तेज हो गया है। राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने इस फैसले के खिलाफ उप जिलाधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पार्किंग को यथावत रखने की मांग की है।
इस विरोध प्रदर्शन में शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता और सभासद गीता कुमाई सहित कई स्थानीय लोग शामिल रहे।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने कहा कि मसूरी एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। ऐसे में शहर की सबसे बड़ी समस्या पार्किंग की है। उन्होंने कहा कि एकमात्र प्रमुख पार्किंग स्थल को वेंडिंग जोन में बदलना उचित नहीं है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता ने आरोप लगाया कि पहले ही माल रोड से पटरी व्यापारियों को हटाया गया और अब बिना उचित व्यवस्था के उन्हें अन्य जगहों पर बैठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्किंग स्थल का लैंड यूज़ बदले बिना वहां वेंडिंग जोन बनाना नियमों के खिलाफ है।
सभासद गीता कुमाई ने बताया कि नगर पालिका बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव का विरोध किया गया था, लेकिन इसे स्वीकृति दे दी गई। उन्होंने भी पार्किंग को यथावत रखने की मांग दोहराई।
वहीं उप जिलाधिकारी राहुल आनंद ने बताया कि नगर पालिका द्वारा लाया गया वेंडिंग जोन प्रस्ताव फिलहाल रोक दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह क्षेत्र फिलहाल पार्किंग के रूप में चिन्हित है और इसका लैंड यूज़ बदले बिना कोई निर्माण नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि इस मामले में अब शासन स्तर से स्वीकृति मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
