रिपोर्टर: सचिन कुमार
देहरादून में उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने प्रेस वार्ता कर राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने विधानसभा के प्रस्तावित विशेष सत्र को लेकर कई सवाल खड़े किए।
कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान धस्माना ने कहा कि अगर सरकार प्रदेश में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करती है, तो कांग्रेस उसका स्वागत करेगी। लेकिन उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मुद्दे पर राजनीति कर जनता को गुमराह करने की कोशिश की गई, तो कांग्रेस इसका विरोध करेगी।
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण एक गंभीर और संवेदनशील विषय है, जिस पर साफ नीयत और पारदर्शिता के साथ काम होना चाहिए। धस्माना ने आरोप लगाया कि सरकार इस मुद्दे का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए कर रही है।
कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी हमेशा से महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के पक्ष में रही है और आगे भी इस मुद्दे पर मजबूती से खड़ी रहेगी। उन्होंने सरकार से स्पष्ट रुख अपनाने और पारदर्शी तरीके से निर्णय लेने की मांग की।
अब नजरें विधानसभा के विशेष सत्र पर टिकी हैं, जहां यह देखना दिलचस्प होगा कि सरकार महिला आरक्षण को लेकर क्या कदम उठाती है और विपक्ष की रणनीति क्या रहती है।
