रिपोर्टर: अरशद हुसैन
रुड़की में नशे के कारोबार पर लगाम कसते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत मंगलौर पुलिस ने अलग-अलग मामलों में 3 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 32.80 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
कोतवाली प्रभारी भगवान मेहर के नेतृत्व में नशा तस्करों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई थीं। टीमों ने गांवों और कस्बों की कच्ची सड़कों के साथ-साथ हाईवे पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, सईद अहमद पुत्र सुल्तान अहमद, निवासी मोहल्ला कटहेड़ा, मंगलौर को 26.28 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया, जिसकी कीमत करीब 8 लाख रुपये है। वहीं, पिरान कलियर थाना क्षेत्र के मुनीर पुत्र रियासत और सलमान पुत्र खुर्शीद को संयुक्त रूप से 6.52 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा गया, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है।
तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। कोतवाली प्रभारी भगवान मेहर ने बताया कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नशे के कारोबारियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा
