ड़की: शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में रुड़की तहसील परिसर में सौंदर्यकरण कार्यों का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संयुक्त रूप से फीता काटकर उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान नव-सज्जित तहसील परिसर को जनता को समर्पित किया गया।
उद्घाटन समारोह में कंप्यूटर सेंटर के प्रथम बैच का शुभारंभ भी किया गया। इस मौके पर मंत्री और जिलाधिकारी ने छात्राओं को बैग वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तहसील परिसर के नए स्वरूप की सराहना की।
तहसील परिसर में मुख्य द्वार का नवनिर्माण, दीवारों पर आकर्षक कलाकृतियां, साफ-सफाई और अतिक्रमण हटाने जैसे कई कार्य किए गए हैं। इन प्रयासों से तहसील परिसर पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित, स्वच्छ और आकर्षक दिखाई दे रहा है।
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि “स्वच्छ रुड़की, सुंदर रुड़की” का सपना अब धरातल पर उतर रहा है और शहर को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
वहीं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि तहसील परिसर का सौंदर्यकरण मुख्यमंत्री के विजन को आगे बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रशासन शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
रुड़की तहसील परिसर का यह नया स्वरूप न केवल प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाएगा बल्कि आम जनता को भी एक स्वच्छ और सुंदर वातावरण उपलब्ध कराएगा।
