देहरादून: आगामी चार धाम यात्रा 2026 को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने एक अत्याधुनिक हाईटेक ‘चारधाम यात्रा कंट्रोल रूम’ स्थापित किया है। इस कंट्रोल रूम के जरिए यात्रा मार्गों, प्रमुख धामों और संवेदनशील स्थानों पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है।
आईजी गढ़वाल रेंज राजीव स्वरूप ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। तकनीक के इस्तेमाल से न केवल ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि आपदा प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
कंट्रोल रूम में केदारनाथ धाम, बद्रीनाथ धाम, गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम सहित प्रमुख पड़ावों की लाइव फीड बड़ी स्क्रीन पर देखी जा सकती है। इससे भीड़ प्रबंधन और यातायात नियंत्रण में मदद मिलेगी।
सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के लिए आधुनिक सॉफ्टवेयर का उपयोग किया जा रहा है, जिससे संदिग्ध गतिविधियों और ट्रैफिक जाम की तुरंत पहचान संभव होगी। इसके साथ ही यात्रियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं, जहां 24×7 पुलिसकर्मी उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे।
यह कंट्रोल रूम विभिन्न जिलों की पुलिस और प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित कर काम करेगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
