रिपोर्ट: सचिन कुमार
उत्तराखंड में बढ़ती गर्मी के बीच मौसम ने राहत दी है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश के साथ-साथ तेज हवाएं भी चलीं, जिससे वातावरण में ठंडक बढ़ी है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. सी. एस. तोमर ने बताया कि आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है।
उन्होंने कहा कि खासकर पहाड़ी इलाकों में कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने के आसार जताए गए हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को। बारिश के चलते भूस्खलन और रास्ते बाधित होने की आशंका बनी रहती है, इसलिए सावधानी बरतना जरूरी है।
फिलहाल तापमान में आई गिरावट से प्रदेशवासियों को गर्मी से राहत मिली है और मौसम सुहावना बना हुआ है।
