उत्तराखंड में भीषण गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और कई जिलों में बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।
प्रदेश के मैदानी इलाकों में पिछले कुछ दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा था। बीते 24 घंटों में रुड़की सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा पंतनगर में 39.8 डिग्री और देहरादून में 39.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
हालांकि, पहाड़ी जिलों में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना हुआ है, जहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है।
मौसम विभाग के निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर के मुताबिक, 28 अप्रैल से पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश की शुरुआत हो सकती है। इसके बाद 29 और 30 अप्रैल को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।
इस मौसम परिवर्तन से तापमान में गिरावट आएगी, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
