रिपोर्टर: सचिन कुमार
देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में मारे गए बदमाश की पहचान एक कुख्यात अपराधी के रूप में हुई है, जो वर्ष 2014 के चर्चित अंकित हत्याकांड में भी शामिल रहा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अकरम ने अपने साथियों के साथ मिलकर 2014 में बालावाला क्षेत्र में डकैती के दौरान अंकित नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसी मामले में वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर इनाम भी घोषित था।
घटना की शुरुआत प्रेमनगर थाना क्षेत्र में हुई, जहां बदमाशों ने एक व्यक्ति को गोली मारकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया।
चेकिंग के दौरान पुलिस को जंगल की ओर जाती एक संदिग्ध काली कार दिखाई दी। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घायल बदमाश की पहचान अकरम पुत्र महबूब, निवासी शामली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक देशी पिस्टल, कारतूस और लूट का सामान बरामद किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि अकरम पर 2014 के अंकित हत्याकांड में 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इसके अलावा शामली पुलिस ने भी उस पर 5 हजार रुपये का इनाम रखा हुआ था। आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में हत्या, लूट और डकैती समेत एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।
उपचार के लिए अस्पताल ले जाए जाने के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस अब उसके फरार साथियों की तलाश में लगातार अभियान चला रही है।
