मसूरी में घंटाघर स्थित कार पार्किंग को लेकर विवाद सामने आया है। नगर पालिका परिषद ने मौके पर पहुंचकर कथित कब्जे को हटाते हुए चल रहे निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया।
जानकारी के अनुसार, पिछले करीब 15 वर्षों से इस पार्किंग का संचालन नगर पालिका परिषद द्वारा किया जा रहा है। हाल ही में कुछ लोगों द्वारा इस स्थल पर कब्जा कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया था। इसकी सूचना मिलते ही नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई की।
मौके पर मौजूद संबंधित पक्ष ने दावा किया कि यह पार्किंग उन्हें वक्फ बोर्ड द्वारा संचालन के लिए दी गई है। हालांकि, पालिका अधिकारियों ने इस दावे को लेकर उनसे आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा है।
अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने स्पष्ट किया कि नगर पालिका लंबे समय से निर्विवाद रूप से इस पार्किंग का संचालन कर रही है और पहले कभी किसी अन्य पक्ष ने इस पर दावा नहीं किया। उन्होंने बताया कि संबंधित लोगों को सभी दस्तावेजों के साथ नगर पालिका में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही, किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को रोकने के लिए पार्किंग स्थल पर नगर पालिका कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि दस्तावेजों की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
