रुड़की के पिरान कलियर क्षेत्र से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एसी (AC) के पाइप से गिरते पानी को लेकर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि दबंगों ने एक बुजुर्ग और उनके दो बेटों पर लोहे की रॉड और लाठियों से जानलेवा हमला कर दिया। इस पूरी वारदात का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसने इलाके में दहशत फैला दी है।
घटना पिरान कलियर थाना क्षेत्र के ग्राम बेडपुर की है। पीड़ित मोहम्मद रिहान ने 26 अप्रैल को अपने घर में नया एसी लगवाया था। एसी के ड्रेनेज पाइप का पानी गली की नाली में जा रहा था, जिसे लेकर पड़ोसियों—मोहसिन, मोबिन, जुनैद और जावेद—ने विवाद खड़ा कर दिया।
रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे, जब रिहान अपने बुजुर्ग पिता सनाउल्लाह और भाई शाह आलम के साथ ‘शौतान चौक’ स्थित अपने होटल पर मौजूद थे, तभी आरोपियों ने अचानक हमला बोल दिया। CCTV फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि हमलावर लोहे की रॉड और लाठियों से लैस होकर होटल में घुसे और ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया।
हमलावरों ने बुजुर्ग सनाउल्लाह को भी नहीं बख्शा और बेरहमी से पीटा। इस हमले में तीनों—पिता और दोनों बेटे—गंभीर रूप से घायल हो गए। डॉक्टरी रिपोर्ट के अनुसार, उन्हें सिर में गहरी चोटें आई हैं, साथ ही पसलियों और नाक में फ्रैक्चर भी बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह घायलों की जान बचाई। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। फिलहाल घायलों का इलाज रुड़की के सरकारी अस्पताल में जारी है।
पुलिस ने CCTV फुटेज को अहम साक्ष्य के रूप में कब्जे में लिया है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पिरान कलियर थाना पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह घटना समाज में बढ़ती असहिष्णुता और छोटी-छोटी बातों पर हिंसा की गंभीर तस्वीर पेश करती है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है।
