संवाददाता: अरशद हुसैन
रुड़की के मंगलौर क्षेत्र स्थित केवल कन्या पाठशाला की मेधावी छात्रा वैष्णवी शर्मा ने इंटरमीडिएट परीक्षा में 97% अंक प्राप्त कर स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधन ने छात्रा को शील्ड देकर सम्मानित किया।
स्कूल में सम्मान समारोह का आयोजन
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन, प्रधानाचार्य, शिक्षिकाएं और 12वीं कक्षा की छात्राएं मौजूद रहीं। सभी ने वैष्णवी की इस सफलता पर खुशी जाहिर की और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शिक्षकों और परिवार का योगदान
स्कूल के प्रबंधक डॉ. रविन्द्र कपूर ने कहा कि वैष्णवी की सफलता में उसके माता-पिता और शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने बताया कि वैष्णवी के माता-पिता दोनों ही अध्यापक हैं, जिससे उसे शिक्षा के प्रति प्रेरणा मिली।
वहीं स्कूल की प्रधानाचार्य दीपिका ने छात्रा की कड़ी मेहनत और शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन को उसकी सफलता का मुख्य कारण बताया।
सीए बनने का सपना
मंगलौर के थितकी कवायदपुर की रहने वाली वैष्णवी का सपना भविष्य में चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) बनने का है। उसकी इस उपलब्धि ने अन्य छात्रों को भी प्रेरित किया है।
