रिपोर्टर: अरशद हुसैन
रुड़की के मंगलौर क्षेत्र में हाई कोर्ट के आदेश पर जीटी रोड से सटे तालाब की नपाई को लेकर बुधवार को बड़ा प्रशासनिक अभियान चलाया गया। सुबह से शाम तक चली इस प्रक्रिया में तहसील प्रशासन, चकबंदी विभाग और भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा।
जानकारी के अनुसार, थितकी निवासी मोहित धीमान द्वारा दायर जनहित याचिका के बाद हाई कोर्ट ने तालाब की नपाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में चकबंदी कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर तालाब की माप-जोख की प्रक्रिया शुरू की।
हालांकि, जिस पक्ष ने याचिका दायर की थी, वह मौके पर उपस्थित नहीं हुआ। इसे लेकर दूसरे पक्ष ने आरोप लगाया कि यह याचिका किसी रजनीश के प्रभाव में आकर डाली गई है। वहीं, याचिकाकर्ता पक्ष का कहना है कि उन्होंने यह याचिका पूरी तरह जनहित में दायर की है और उनकी किसी से व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है।
चकबंदी सीओ अनिल सुनील ने बताया कि फिलहाल तालाब की नपाई की प्रक्रिया जारी है और इसके पूरा होने के बाद ही प्रशासन आगे का निर्णय लेगा।
इस पूरे घटनाक्रम के चलते क्षेत्र में दिनभर हलचल बनी रही और प्रशासन की निगरानी में कार्य शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया।
