विकासनगर स्थित हनुमद धाम में आयोजित एकल अभियान आचार्य अभ्यास वर्ग के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का सोमवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। शिविर के दौरान प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली आचार्य बहनों ने शिक्षा, संस्कार और सामाजिक सेवा से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण हासिल किया।
समापन समारोह में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके साथ क्षेत्रीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान, हनुमद धाम के अध्यक्ष विष्णु महावर और अधिवक्ता गुरमेल सिंह राठौड़ सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि मधु चौहान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों तक शिक्षा और संस्कार पहुंचाने का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि एकल अभियान की आचार्य बहनें समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा पहुंचाने का सराहनीय कार्य कर रही हैं।
विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि एकल अभियान केवल शिक्षा का माध्यम नहीं बल्कि समाज को जोड़ने वाला एक मजबूत संगठन बन चुका है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली सभी बहनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने आचार्य बहनों के सेवा भाव और समर्पण की सराहना की। बड़ी संख्या में एकल अभियान के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग भी समारोह में मौजूद रहे।
