देहरादून: उत्तराखंड के लाखों छात्रों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। उत्तराखंड विद्यालय शिक्षा परिषद (रामनगर) 25 अप्रैल को सुबह 10 बजे हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) का परीक्षा परिणाम घोषित करेगा। बोर्ड ने रिजल्ट जारी करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल सती के अनुसार, इस वर्ष बोर्ड परीक्षाएं 21 फरवरी से शुरू हुई थीं। हाईस्कूल में कुल 1,12,266 परीक्षार्थी और इंटरमीडिएट में 1,02,986 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। इस तरह कुल मिलाकर दो लाख से अधिक छात्रों ने परीक्षा दी।
इस बार उत्तराखंड बोर्ड ने डिजिटल व्यवस्था को और मजबूत किया है, जिससे रिजल्ट समय पर और आसानी से छात्रों तक पहुंचाया जा सके। प्रदेश भर में 1,261 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाएं आयोजित की गई थीं। बोर्ड ने प्रैक्टिकल से लेकर मुख्य परीक्षा तक सभी प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया है।
बोर्ड अधिकारियों का कहना है कि पारदर्शिता और तेजी बनाए रखने के लिए इस बार रिजल्ट प्रक्रिया को पहले से अधिक व्यवस्थित किया गया है, ताकि छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
