रिपोर्टर: आसिफ इकबाल
रामनगर: शहर में दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया, हालांकि गनीमत रही कि युवक इस हमले में बाल-बाल बच गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
- क्या है पूरा मामला
पीड़ित जसवीर सिंह, जो बंजारी गेट कोसी क्षेत्र में डंपर चालक का काम करते हैं, ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि 18 अप्रैल को उनका बेटा अमृत सिंह उन्हें खाना देने आया था। इसी दौरान आरोपी अर्जुन सिंह ने अमृत को रोककर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर चला गया।
दिनदहाड़े फायरिंग
पीड़ित के अनुसार, उसी दिन जब जसवीर सिंह अपने बेटे के साथ काम से लौट रहे थे, तभी आरोपी अर्जुन सिंह काले रंग की स्कूटी से वहां पहुंचा और अमृत सिंह पर तमंचे से फायर कर दिया।
गनीमत रही कि गोली अमृत को नहीं लगी और वह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। बताया जा रहा है कि आरोपी ने दोबारा फायर करने की भी कोशिश की, लेकिन युवक वहां से निकल चुका था।
आरोपी फरार, पुलिस तलाश में
मामले की जानकारी देते हुए सीओ सुमित पांडे ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में फायरिंग की पुष्टि हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अर्जुन सिंह का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पहले भी फायरिंग के मामले में जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 173 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं।
इलाके में दहशत
दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
