स्लग: गुलदार की खाल के साथ युवक गिरफ्तार
चंपावत में वन्यजीव तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, गुलदार की खाल के साथ युवक गिरफ्तार
रिपोर्ट: सुभाष चंद
चंपावत: वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एसओजी, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने रीठा साहिब क्षेत्र से एक युवक को गुलदार (तेंदुआ) की खाल के साथ गिरफ्तार किया है।
चेकिंग के दौरान पकड़ा गया आरोपी
भिंगराड़ा वन क्षेत्र के अंतर्गत चैड़ा मेहता लीसा डिपो के पास संयुक्त टीम द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान आरोपी दीपक सिंह बोहरा (28 वर्ष), निवासी ग्राम गागरी, थाना रीठा साहिब, को पकड़ा गया।
120 सेंटीमीटर लंबी खाल बरामद
एसडीओ वन विभाग नेहा चौधरी ने बताया कि आरोपी के पास से 120 सेंटीमीटर लंबी गुलदार की खाल बरामद हुई है। आरोपी इसे बेचने के लिए लोहाघाट ले जा रहा था।
फंदा लगाकर की थी हत्या
एसपी चंपावत रेखा यादव ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया है कि उसने कुछ महीने पहले गुलदार को फंदा लगाकर मारा था और उसकी हड्डियां जंगल में छिपा दी थीं।
मोबाइल में मिले अहम सबूत
जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन में गुलदार को फंदा लगाकर मारने से जुड़े साक्ष्य भी मिले हैं। आरोपी खाल को अपनी स्कूटी में एक थैले में पैक कर किसी व्यक्ति को सौंपने जा रहा था।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
इस मामले में कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। वन विभाग आरोपी को रिमांड पर लेकर गुलदार की हड्डियों की बरामदगी की कार्रवाई करेगा।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई
बरामद खाल को मौके पर ही सील कर दिया गया है और आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है।
