संवाददाता: सागर रस्तोगी
ऋषिकेश के लक्ष्मण झूला क्षेत्र में शनिवार को एक होटल में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग बजरंग सेतु पुल के निकट स्थित होटल के टॉप फ्लोर में लगी, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
तेजी से फैल रही थी आग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना लक्ष्मण झूला के माध्यम से फायर यूनिट को आग लगने की सूचना मिली।
मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि होटल के ऊपरी तल पर रखे सामान में आग लगी थी, जो तेजी से फैल रही थी।
फायर टीम की त्वरित कार्रवाई
फायर यूनिट प्रभारी भूपेश त्यागी के नेतृत्व में टीम तुरंत मौके पर पहुंची और अग्निशमन कार्य शुरू किया।
मिनी वाटर टेंडर और होजरील की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया गया।
समय रहते पाया काबू
फायर टीम की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई के चलते आग को जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया।
आग को होटल के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक दिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
कोई जनहानि नहीं
इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
हालांकि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है।
समय पर मिली सूचना और फायर टीम की तेज कार्रवाई के चलते एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। अब प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच में जुटा है।
