संवाददाता: सागर रस्तोगी |
रायवाला पुलिस ने क्षेत्र में हुई चोरी और नकबजनी की तीन अलग-अलग घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान और नकदी भी बरामद की है।
कोतवाली रायवाला के थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस प्रियव्रत जोशी ने बताया कि छिद्दरवाला क्षेत्र में 23, 26 और 27 अप्रैल 2026 को अज्ञात चोरों द्वारा बंद घरों के ताले तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया था। पीड़ितों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गौहरीमाफी जंगल से सत्यनारायण मंदिर जाने वाली सड़क पर घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान बॉबी टम्टा और जय सिंह के रूप में हुई है। इनमें एक आरोपी श्यामपुर का निवासी है, जबकि दूसरा दिल्ली का रहने वाला है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बंद घरों की पहले रेकी करते थे और फिर मौका देखकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। चोरी के बाद पकड़े जाने के डर से वे तुरंत दूसरे शहर भाग जाते थे।
बताया जा रहा है कि बीती रात आरोपी एक बार फिर श्यामपुर क्षेत्र में चोरी की योजना से आए थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते वे सफल नहीं हो सके और गिरफ्त में आ गए।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है।
