देहरादून में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। शहर में आसमान काले घने बादलों से पूरी तरह ढक गया है और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई है। गरजती बिजली और लगातार हो रही वर्षा ने पूरे माहौल को बदल दिया है।
सुबह के समय ही शहर में शाम जैसा अंधेरा छा गया, जिससे लोगों को दिन में ही रात जैसा अहसास होने लगा। अचानक बदले इस मौसम ने जनजीवन को प्रभावित किया है और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत महसूस हो रही है।
मौसम विभाग ने पहले ही इस बदलाव का पूर्वानुमान जताया था। विभाग के अनुसार, उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके साथ ही इन क्षेत्रों में गर्जन और बिजली चमकने के साथ 4000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है।
वहीं, राज्य के अन्य जनपदों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है, खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
