रिपोर्टर: सचिन कुमार
उत्तराखंड में इन दिनों मौसम पूरी तरह से बदला हुआ नजर आ रहा है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है और आसमान में घने काले बादल छाए हुए हैं। तेज हवाओं के साथ बारिश की बौछारें पड़ रही हैं, वहीं कई इलाकों में ओलावृष्टि भी दर्ज की जा रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई है। विभाग ने आगामी दिनों के लिए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने 3 से 5 मई के बीच उत्तराखंड के पर्वतीय और मैदानी दोनों क्षेत्रों में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों में ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में किसानों, यात्रियों और स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, 6 मई से मौसम में कुछ सुधार देखने को मिल सकता है, लेकिन फिलहाल तापमान सामान्य से नीचे बना रहेगा।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें।
