संवाददाता: अरशद हुसैन
रुड़की से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार और लापरवाही ने सड़क पर कहर बरपा दिया। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में एक कार चालक ने नियंत्रण खोते हुए कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, एक i10 कार बीएसएम की ओर से मालवीय चौक की तरफ तेज गति से जा रही थी। इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और BSM Law College के सामने एक अपाची बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत Hemant Hospital ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
यहीं नहीं रुका कार चालक
हादसे के बाद भी चालक नहीं रुका और कार को तेज रफ्तार में आगे बढ़ाते हुए शेखपुरी की ओर मुड़ रही एक अन्य गाड़ी को भी टक्कर मार दी, जिससे वह वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
लोगों ने पकड़ा आरोपी
स्थानीय लोगों ने मालवीय चौक के पास आरोपी चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चालक नशे की हालत में था। कार में एक युवती के होने की भी जानकारी सामने आई है।
पुलिस कर रही जांच
गंगनहर कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव के अनुसार, आरोपी ने अपना नाम सोरन थापा बताया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
