विकासनगर में बाबा श्री विश्वनाथ जगदीशिला डोली के आगमन पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला। हनुमद धाम पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने डोली का भव्य स्वागत किया और दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े।
बाबा श्री विश्वनाथ जगदीशिला डोली 28 अप्रैल को विश्वान पर्वत से अपनी यात्रा पर निकली। यह डोली ऋषिकेश, हरिद्वार और देहरादून होते हुए विकासनगर स्थित हनुमद धाम पहुंची, जहां रात्रि विश्राम किया गया।
जौनसार-बावर समेत कई धार्मिक स्थलों का भ्रमण
डोली यात्रा जौनसार-बावर क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक स्थलों और धामों से होते हुए उत्तराखंड के कई जिलों में भ्रमण करेगी। करीब एक महीने तक चलने वाली इस यात्रा का समापन गंगा दशहरा के अवसर पर गंगा स्नान के साथ होगा।
27 वर्षों से निभा रहे हैं परंपरा
इस पवित्र डोली की अगुवाई पूर्व मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी पिछले 27 वर्षों से कर रहे हैं। उनका कहना है कि बाबा के आदेशानुसार ही डोली विभिन्न स्थानों पर विश्राम करती है और यात्रा का मार्ग तय होता है।
श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
डोली के विकासनगर पहुंचने पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
स्थानीय स्तर पर की गई व्यवस्थाएं
डोली के रात्रि विश्राम की व्यवस्था जिला संयोजक विकास शर्मा द्वारा की गई, जिनकी व्यवस्थाओं की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
