टिहरी और पौड़ी गढ़वाल को जोड़ने वाले कीर्तिनगर पुल पर सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मॉर्निंग वॉक के दौरान एक 35 वर्षीय महिला ने अचानक अलकनंदा नदी में छलांग लगा दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब साढ़े सात बजे महिला को नदी में कूदते और तेज बहाव में बहते हुए देखा गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
पुलिस ने महिला की पहचान रचना बमराड़ा (35) निवासी बिल्केदार, पौड़ी गढ़वाल के रूप में की है। हालांकि देर शाम तक महिला का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। SDRF इंस्पेक्टर मंजरी नेगी के अनुसार, स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर नदी के विभिन्न हिस्सों में लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, महिला शादीशुदा है। घटना की सूचना मिलने के बाद उसके पति सुभाष बम राणा को मौके पर बुलाया गया है, जो पेशे से शिक्षक बताए जा रहे हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
वहीं पुलिस का कहना है कि फिलहाल प्राथमिकता महिला की तलाश है। महिला के मिलने के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल SDRF और पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार रेस्क्यू और सर्च अभियान में जुटी हुई हैं।
