रिपोर्टर: अश्वनी दीक्षित
सितारगंज के मीना बाजार रोड स्थित रोडवेज बस अड्डे पर उस समय हंगामा हो गया, जब खटीमा से दिल्ली जा रही एक बस में सीट को लेकर विवाद बढ़ गया।
जानकारी के अनुसार, खटीमा से आ रही बस में एक व्यक्ति (नीली शर्ट पहने) सितारगंज बस अड्डे से सवार हुआ और एक महिला यात्री के पास बैठने की जिद करने लगा। महिला के साथ एक छोटा बच्चा भी बैठा था, जिसके चलते उसने उसे बैठने से मना कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मना करने पर आरोपी अभद्रता पर उतर आया और बस से नीचे उतरकर महिलाओं की वीडियो बनाने लगा। इस हरकत से यात्रियों में आक्रोश फैल गया और मामला बढ़ते-बढ़ते मारपीट तक पहुंच गया।
बस चालक जग्गा और कंडक्टर ने बताया कि आरोपी ने उनके साथ भी बदसलूकी की और मारपीट की कोशिश की। स्थिति बिगड़ते देख चालक पूरी बस को सीधे थाना सितारगंज ले गया।
थाने पहुंचने के बाद किसी भी यात्री ने लिखित तहरीर देने से इनकार कर दिया। यात्रियों का कहना था कि शिकायत करने पर बार-बार थाने के चक्कर लगाने पड़ेंगे। इसके बाद मौके पर ही आरोपी से माफी मंगवाकर मामला शांत कराया गया।
आरोपी ने अपना नाम विकास बताया, जो रतन फार्म नंबर-2, शक्ति फार्म क्षेत्र का निवासी है। माफी मांगने के बाद उसे छोड़ दिया गया और वह बस में सवार हुए बिना ही वहीं रुक गया।
