माल रोड पर देर रात उस समय हंगामा हो गया, जब दिल्ली से आए पर्यटकों और स्थानीय निवासियों के बीच प्रवेश को लेकर विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले।
जानकारी के अनुसार, देर रात दिल्ली से आए पर्यटकों का वाहन माल रोड के बैरियर पर खड़ा था, जिससे पीछे वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने पर्यटकों से वाहन हटाने को कहा। आरोप है कि इस पर पर्यटक दंपति भड़क गए और उन्होंने जूते-चप्पलों से स्थानीय लोगों पर हमला कर दिया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद दोनों पक्षों ने उत्तराखंड पुलिस की कोतवाली मसूरी में तहरीर दी है।
बताया जा रहा है कि पर्यटक दंपति प्रतिबंधित समय में माल रोड में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे, जिसे बैरियर पर तैनात कर्मचारियों ने रोका। इस दौरान उनके साथ अभद्रता किए जाने का भी आरोप है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। उनका कहना है कि बाहरी पर्यटकों द्वारा इस तरह की घटनाएं आए दिन सामने आती हैं, जिससे व्यवस्था प्रभावित होती है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
