रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां हनुमान मंदिर स्टाफ हाउस के पास एक 20 वर्षीय बीएससी छात्रा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्रा डीएसबी कॉलेज में बीएससी की पढ़ाई कर रही थी। देर रात अज्ञात कारणों के चलते उसने दुपट्टे का फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। बताया जा रहा है कि छात्रा के पिता का पहले ही निधन हो चुका था और वह अपनी मां व दादी के साथ रह रही थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।
इस घटना के बाद परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने भी मौके पर पहुंचकर परिवार को सांत्वना दी। नगर पालिका परिषद के सभासद रमेश प्रसाद ने परिजनों को ढांढस बंधाया।
परिजनों के अनुसार, छात्रा बेहद शांत और सरल स्वभाव की थी। ऐसे में उसका यह कदम उठाना सभी के लिए हैरान करने वाला है। फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। क्षेत्र में इस घटना के बाद शोक का माहौल बना हुआ है।
