रिपोर्ट: सचिन कुमार
उत्तराखंड में आम जनता की समस्याओं को लेकर सरकार अब सख्त रुख अपनाती नजर आ रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि शिकायतों के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने “नो पेंडेंसी” को प्रशासन का मूल मंत्र बताते हुए सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि जनता की समस्याओं का निवारण तय समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता जनहित है और इसमें देरी बिल्कुल स्वीकार्य नहीं होगी।
सीएम धामी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय और पारदर्शिता के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ऐसी व्यवस्था विकसित की जाए जिससे आम जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
