रिपोर्टर: सचिन कुमार
भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल चुनाव में मिली जीत के बाद उत्तराखंड में तीन दिवसीय विजय उत्सव मनाने का फैसला किया है। पार्टी प्रदेशभर में बूथ स्तर तक कार्यक्रम आयोजित कर जीत का जश्न मनाएगी।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देश पर सभी जिलों और मंडलों में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य हर कार्यकर्ता को इस विजय उत्सव से जोड़ना है।
प्रदेशभर में होंगे आयोजन
भाजपा की ओर से प्रदेश, जिला, मंडल और बूथ स्तर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों और संगठन की मजबूती को भी साझा करेंगे।
कांग्रेस पर भाजपा का तंज
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी आंतरिक विवादों में उलझी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में संगठनात्मक पदों को लेकर पैसों का खेल चल रहा है, जबकि भाजपा विकास और जनसेवा की राजनीति कर रही है।
नवीन ठाकुर ने विश्वास जताया कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में भी जीत दर्ज कर उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।
