रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल में प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से एसडीएम नवाजिश खलीक ने शहर के विभिन्न सरकारी विभागों का अचानक निरीक्षण किया। बिना पूर्व सूचना किए गए इस औचक निरीक्षण से विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
एसडीएम सबसे पहले बीडी पांडे अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर अस्पताल की स्थिति जानी और अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
इसके बाद उन्होंने जल संस्थान कार्यालय का निरीक्षण कर शहर की पेयजल आपूर्ति की समीक्षा की। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गर्मी के मौसम में पानी की कमी की शिकायत न आए और जहां भी पाइपलाइन लीकेज हो, उसे तुरंत ठीक कराया जाए।
वहीं उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड कार्यालय में निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों की जांच की। कुछ खामियां मिलने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और कहा कि पूरे मामले से जिलाधिकारी को अवगत कराया जाएगा।
प्रशासन की इस कार्रवाई को शहर में सरकारी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
