रिपोर्टर: प्रदीप श्रीवास्तव
जसपुर का पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क अब लोगों के घूमने और व्यायाम करने की जगह कम और असामाजिक तत्वों का अड्डा ज्यादा नजर आने लगा है। पार्क में फैली गंदगी और शराब की खाली बोतलों ने नगर पालिका प्रशासन की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है।
भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष राजकुमार सिंह चौहान ने अपने साथियों के साथ पार्क का निरीक्षण किया, जहां उन्हें पार्क की बेंचों और परिसर में शराब की बोतलें, बीयर के कैन और अन्य नशे से जुड़ी सामग्री बिखरी मिली।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले यह पार्क सुबह-शाम टहलने वालों से गुलजार रहता था, लेकिन अब यहां असामाजिक गतिविधियों के कारण परिवार और महिलाएं आने से बच रही हैं।
भाजपा नेताओं ने पार्क की सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। वहीं नगर पालिका प्रशासन ने मामले में उचित कार्रवाई करने की बात कही है।
