रिपोर्टर: आसिफ इक़बाल
नैनीताल में लंबे समय तक राजस्व उपनिरीक्षक के पद पर कार्यरत रहे ताराचंद घिल्डियाल ने 22 साल की सेवा पूरी करने के बाद स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली है। अब उन्होंने समाज सेवा और जनजागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने की घोषणा की है।
ताराचंद घिल्डियाल ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2003 में राजस्व विभाग में अपनी सेवाएं शुरू की थीं और 30 अप्रैल 2026 को उनका वीआरएस मंजूर हो गया। उन्होंने कहा कि अब उनका पूरा फोकस समाज और जनता से जुड़े मुद्दों पर रहेगा।
उन्होंने अपनी संस्था “नेकी की दीवार” के विस्तार के साथ ‘नेकी प्रहरी विंग’ की शुरुआत करने की जानकारी दी। इस पहल के तहत हर बूथ स्तर पर संयोजक नियुक्त किए जाएंगे, जो क्षेत्रीय समस्याओं को प्रशासन और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कृति और सामाजिक जागरूकता इस अभियान की प्राथमिकता होगी। साथ ही राजनीतिक जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए लोगों को अपने अधिकारों और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
ताराचंद घिल्डियाल ने कहा कि जनता और प्रशासन के बीच मजबूत संवाद से ही एक जिम्मेदार और जागरूक समाज का निर्माण संभव है।
